देवरिया, 10 जुलाई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं, विशेष रूप से ट्रामा सेंटर के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रामा सेंटर में ऑक्सीजन सप्लाई पाइप को लिक्विड ऑक्सीजन (एलओएक्स) टैंक से आज ही साइंस तक जोड़े जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रामा सेंटर में आवश्यक सभी संसाधनों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए तथा शेष सभी अधूरे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करते हुए हर हाल में ट्रामा सेंटर को संचालित कराया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को भी ट्रामा सेंटर में शीघ्र शिफ्ट कर नियमित रूप से संचालित किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा गुणवत्ता मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर ट्रामा सेंटर का निर्माण कार्य पूर्ण कर उसे हैंडओवर करने तथा शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के लिए आगाह भी किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर अखिलेश सिंह, सहायक अभियंता शिवम कुमार नायक एवं प्रशांत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें