*निरीक्षण में लगाए गए 75 अधिकारी, प्रत्येक अधिकारी के किया दो दो विद्यालयों का निरीक्षण*
देवरिया, 06 जुलाई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचते ही वहां उपस्थित अधिकारियों को विकास खंड देवरिया सदर अंतर्गत संचालित बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों का चेकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए रवाना किया। निरीक्षण के लिए भेजे गए जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को दो-दो विद्यालयों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई। लगभग 75 अधिकारियों द्वारा विकास खंड देवरिया सदर के 153 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य शिक्षकों में सकारात्मक सोच विकसित करना, उन्हें शिक्षण कार्य के प्रति प्रोत्साहित करना, उनका उत्साहवर्धन करना तथा उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है।
उन्होंने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के भौतिक संसाधन, शिक्षण व्यवस्था, बच्चों को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता, उनके अधिगम स्तर, विद्यालय की निपुणता की स्थिति, पाठ्यपुस्तक वितरण, मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था, शिक्षक संदर्शिका का उपयोग, छात्रों एवं शिक्षकों की डिजिटल उपस्थिति, निपुण तालिका का आच्छादन, विद्युत व्यवस्था तथा ऑपरेशन कायाकल्प के कार्यों की वास्तविक स्थिति का प्रमुखता से निरीक्षण किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण की फीडबैक रिपोर्ट अगले दिन चेकलिस्ट अनुसार पूर्ण विवरण सहित उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसकी समीक्षा कर कमियों का निराकरण करते हुए विद्यालयों को और अधिक सक्षम बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा हमारे भविष्य की बुनियाद है। बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें, यह सभी का उद्देश्य होना चाहिए। शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचें तथा पठन-पाठन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सुदृढ़ संचालन सुनिश्चित करें। शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं बच्चों को उपलब्ध कराई जाएं। यह सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी देश, समाज और परिवार की सबसे बड़ी पूंजी शिक्षित बच्चे होते हैं। इसलिए सभी शिक्षकों तथा शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभानी चाहिए तथा जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में निपुण बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें