उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के सलेमपुर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात महिला की जान चली गई। यह दुर्घटना सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर सलेमपुर स्थित कनक स्वीट्स के पास हुई, जहां सड़क किनारे खड़ी दूध से भरी एक ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के बीच सड़क किनारे टहल रही एक अज्ञात महिला चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण पीछे से आ रही ट्रक का अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक से टकराना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रक चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार इसकी वजह थी या नहीं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि व्यस्त मार्गों पर खड़े वाहनों के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें