सीआईबी भटनी, गोरखपुर और आरपीएफ देवरिया की संयुक्त टीम ने प्लेटफार्म संख्या दो-तीन पर चलाया सघन चेकिंग अभियान
देवरिया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। सीआईबी भटनी, सीआईबी गोरखपुर तथा आरपीएफ देवरिया की संयुक्त टीम ने स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम को कई लावारिस बैग संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले।
टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 43 हजार रुपये बताई गई है। मौके पर काफी देर तक बैगों के वास्तविक मालिक की तलाश की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति उन्हें लेने नहीं पहुंचा और न ही किसी ने उन पर अपना दावा किया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखी जा रही है। ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब को अवैध रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की तैयारी थी। हालांकि बैग किसके हैं और शराब कहां से लाई गई तथा किस गंतव्य तक पहुंचाई जानी थी, इसकी जांच की जा रही है। मामले में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि बैग छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।
आरपीएफ ने यात्रियों से भी अपील की है कि स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध वस्तु या लावारिस सामान दिखाई देने पर तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या स्टेशन प्रशासन को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें