देवरिया। जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के रामपुर चंद्रभान गांव के रहने वाले असम राइफल के जवान सतेन्द्र सिंह का छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। जवान की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, सतेन्द्र सिंह गांव के निवासी रमेश सिंह के पुत्र थे और असम राइफल में तैनात थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी छत्तीसगढ़ में लगी हुई थी। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथियों द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।
शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव रामपुर चंद्रभान पहुंचा। जैसे ही तिरंगे में लिपटा शव गांव पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्र के लोग उनके घर पहुंचे। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
शनिवार को छोटी गंडक नदी के तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान असम राइफल के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने सतेन्द्र सिंह के राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। ग्रामीणों ने कहा कि सशिंदर सिंह एक अनुशासित, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक थे, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
जवान के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें