देवरिया 25 अगस्त । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में बजाज हिन्दुस्तान शुगर मिल लिमिटेड, प्रतापपुर के गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में की गई। समीक्षा के दौरान मिल के अध्याशी नवीन कुमार ने लिखित रूप से अवगत कराया कि समूह की उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कुल 14 चीनी मिलें संचालित हैं। इन मिलों से भुगतान के बाद प्राप्त होने वाली धनराशि से प्रतापपुर इकाई के अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया गया।
जिलाधिकारी ने मिल अध्याशी को आवश्यक धनराशि की व्यवस्था कर अवशेष गन्ना मूल्य का यथाशीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है। इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। चीनी की कालाबाजारी एवं निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि चीनी की कालाबाजारी करने, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला गन्ना अधिकारी, देवरिया द्वारा बताया गया कि जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं उप संभागीय विपणन अधिकारी (डिप्टी आरएमओ) द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच एवं कार्रवाई के परिणामस्वरूप बाजार में चीनी के दामों में कमी आई है।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें