देवरिया 14 जुलाई । आकांक्षात्मक विकास खंड हेतु NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review and Action) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन विकास भवन, देवरिया के गांधी सभागार में किया गया।
प्रशिक्षण में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा आकांक्षात्मक विकास खंड गौरीबाजार के खंड विकास अधिकारी सहित अन्य विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी देवरिया अरुण कुमार सिंह ने किया तथा NITI TARA के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। नीति आयोग के मास्टर ट्रेनर सोनू मिश्रा ने NFS, ADS, VBSR, Champion of Change एवं KPI के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी, विश्लेषण, समीक्षा तथा बेहतर निर्णय-निर्माण में सहायता प्रदान करना है। यह विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों से प्राप्त आंकड़ों को एकीकृत कर उन्हें सरल एवं उपयोगी रूप में प्रस्तुत करता है।
NITI TARA की सहायता से नीति-निर्माता वास्तविक समय (रियल टाइम) के आंकड़ों का विश्लेषण कर योजनाओं की प्रगति का आकलन कर सकते हैं। यह कमियों की पहचान करने, संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा समय पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने में सहायक है। इसके माध्यम से साक्ष्य-आधारित (Evidence-based) निर्णय लेना अधिक आसान एवं प्रभावी बनता है।
यह पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुशासन को भी बढ़ावा देता है। विभिन्न क्षेत्रों के प्रदर्शन की तुलना, डेटा-आधारित रिपोर्ट एवं डैशबोर्ड के माध्यम से योजनाओं के परिणामों का बेहतर मूल्यांकन किया जा सकता है। इससे विकास कार्यों में गति आती है तथा सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होता है।
अंततः NITI TARA भारत में डेटा-आधारित शासन एवं प्रभावी नीति-निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह देश के समावेशी, पारदर्शी एवं सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें