देवरिया, 27 फरवरी।उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला सैनिक बंधु की बैठक शुक्रवार को नवीन सभागार, कलेक्ट्रेट देवरिया में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डा.) सुधाकर त्यागी ने की। बैठक में स्टेशन हेडक्वार्टर गोरखपुर के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने भूतपूर्व सैनिकों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु जिला प्रशासन की ओर से विधिसम्मत हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके उपरांत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की विस्तृत समीक्षा कर अनुपालन की स्थिति जानी गई।
बैठक में कुल 11 पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपस्थित हुए। इस दौरान 11 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें भूमि विवाद, न्यायालय में लंबित प्रकरण, शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण, अवैध भूमि कब्जा, रास्ता विवाद, भूमि पैमाइश एवं कब्जा जैसे गंभीर विषय शामिल रहे।
अध्यक्षता कर रहे अधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्रावली प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए।
बैठक में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति की भूमि के क्रय-विक्रय में विशेष सावधानी बरती जाए। बिना जिलाधिकारी की अनुमति के ऐसी भूमि का बैनामा कराना विधिसम्मत नहीं है। अतः पूर्व सैनिक किसी भी प्रकार के क्रय-विक्रय से पूर्व जिलाधिकारी की लिखित अनुमति अवश्य प्राप्त कर लें।
बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के वरिष्ठ सहायक ओम प्रकाश सिंह, कनिष्ठ सहायक रामनाथ एवं करन मद्धेशिया के सहयोग से संपन्न हुआ।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें