देवरिया 03 मई।प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा ने बताया कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड, देवरिया एवं जिला सेवायोजन कार्यालय, देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में 05 मई 2025 (सोमवार) को प्रातः 10:00 बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), देवरिया परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियाँ प्रतिभाग करेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता संबंधित पदों के अनुसार हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए।
यह रोजगार मेला पूर्णतः नि:शुल्क है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, देवरिया से संपर्क कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
*रा. औ. प्रशिक्षण संस्थान गौरीबाजार में रोजगार हेतु चयन प्रक्रिया 8 मई को*
देवरिया 03 मई।प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, शोभनाथ ने जानकारी दी है कि मिंडा कोसेई प्राइवेट लिमिटेड, बावल (हरियाणा) द्वारा दिनांक 08 मई 2025 (गुरुवार) को प्रातः 10:00 बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गौरीबाजार (देवरिया) में एक दिवसीय प्लेसमेंट का आयोजन किया जाएगा।
इस चयन प्रक्रिया में फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, टर्नर, मशीनिस्ट, डीज़ल मैकेनिक, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, वायरमैन, मैकेनिक मोटर व्हीकल, शीट मेटल आदि समस्त आईटीआई व्यवसायों के पासआउट प्रशिक्षार्थी, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी तथा आईटीआई के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत प्रशिक्षार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
प्लेसमेंट में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति, बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य है।
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए वेतन ₹14,898 प्रतिमाह तथा आईटीआई फ्रेशर्स के लिए ₹16,777 प्रतिमाह निर्धारित किया गया है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें