देवरिया। शहर के एक मुहल्ले में आधी रात को खिलौने के गोदाम में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने तीन मंजिले मकान को पूरी तरह चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने से 5 लाख रूपए से अधिक कीमत के नुकसान होने का अनुमान है।
अंसारी रोड स्थित पंजाबी गली में रमेश कुमार का खिलौनों का गोदाम है। रात लगभग 12 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे मकान को अपने कब्जे में ले लिया। इसकी सूचना मुहल्ले वालों ने फायर बिग्रेड और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। संकरी गली होने से फायर फाइटर को आग बुझाने के लिए बहुत जूझना पड़ा। वहीं आग की लपटें इतनी तेज थी कि आसपास के घरों की खिड़कियों और दरवाजों के कांच पिघलने लगे। पुलिस और फायर फाइटर ने आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 3 घंटे के कड़े प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जिला अग्निशमन अधिकारी राज मंगल सिंह ने बताया कि संकरी गली होने से आग बुझाने में कठिनाई हुई। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। आर्थिक क्षति के अलावा
कोई जनहानि नहीं हुई है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें