दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में गूंजा योग दिवस का उत्साह
रूद्रपुर (देवरिया)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार की प्रातःकालीन बेला में दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के पीछे स्थित परिसर योगमय वातावरण से सराबोर हो उठा। योगाचार्य रामेश्वर विश्वकर्मा 'रुद्रपुरी' के नेतृत्व में आयोजित योग शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं एवं महिलाओं ने सहभागिता कर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। योगाचार्य रामेश्वर विश्वकर्मा 'रुद्रपुरी' ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग तनावमुक्त और निरोग रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया तथा कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योग किया और स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन जीने का संकल्प लिया।
योग दिवस के इस आयोजन ने लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और योग परंपरा के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत किया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें