
मरीज की जान बचाने के लिए डॉक्टर ने लगाई दौड़
बेंगलुरु के डॉक्टर गोविंद नंदकुमार इस वक्त खबरों में बने हुए हैं। उन्होंने जो काम किया है वो बाकी डॉक्टरों के लिए मिसाल बन गया है। दरअसल, गोविंद नंदकुमार, मणिपाल हॉस्पिटल में गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी के सर्जन हैं। उन्हें 30 अगस्त को अपनी एक मरीज की इमरजेंसी लैप्रोस्कोपिक गॉलब्लैडर सर्जरी करनी थी। डॉक्टर सही समय पर घर से निकले थे, लेकिन वह सरजापुर-माराथल्ली के बीच जाम में फंस गए। वह काफी देर जाम में फंसे रहे। महिला की सर्जरी सही समय पर करना जरुरी था, देर होने पर उनकी जान को खतरा हो सकता था। इसलिए डॉक्टर ने दौड़ लगाकर हॉस्पिटल जाने का फैसला किया।
गोविंद नंदकुमार तीन किलोमीटर दौड़ लगाकर हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टर की टीम ने मरीज की सर्जरी के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। जैसे ही डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर में पहुंचे उनकी टीम हरकत में आ गई। जिसके बाद समय पर मरीज की सर्जरी हुई।
डॉक्टर ने शेयर किया अपना वीडियो
डॉक्टर गोविंद नंदकुमार ने दौड़ लगाने के दौरान अपना एक वीडियो भी बनाया था, जिसे उन्होंने शनिवार को अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। डॉक्टर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ही घटना लोगों की नजरों में आईं।
एक इंटरव्यू में घटना के बारे में बात करते हुए डॉ गोविंद नंदकुमार ने कहा, "जाम में फंसने के बाद गूगल मैप पर चेक किया तो अस्पताल पहुंचने में 45 मिनट का समय दिखा रहा था। इसके बाद मैंने अस्पताल की दूरी चेक की, जो गूगल मैप लगभग तीन किलोमीटर दिखा रहा था। इसके बाद मैंने कार छोड़ी और बिना कुछ सोचे-समझे हॉस्पिटल की तरफ दौड़ लगा दी।"






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें