पूर्णतया स्वैच्छिक होगा आधार नंबर देना
7 अगस्त और 21 अगस्त को समस्त मतदेय स्थलों पर आयोजित होगा विशेष कैम्प
देवरिया 21 जुलाई । उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुँवर पंकज ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं से ऐच्छिक रूप से आधार नंबर का एकत्रीकरण किये जाने की कार्ययोजना बनायी गई है। आयोग से प्राप्त दिशानिर्देशों के क्रम में जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थलों पर दिनांक 7 अगस्त एवं 21 अगस्त को मतदाताओं से स्वैच्छिक रूप से आधार नंबर उपलब्ध कराने के लिए जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं से आधार नंबर एकत्र किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अभियान 1 अगस्त से प्रारंभ होगा, जिसमें बीएलओ घर-घर भ्रमण करके मतदाताओं का आधार नंबर एकत्र करने के साथ ही आवेदन पत्र फॉर्म 6-बी भी जमा करेंगे। साथ ही मतदाताओं को अपना आधार नंबर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि उक्त के अतिरिक्त यदि विशेष कैंप के दिन कोई मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल, विलोपित अथवा संशोधित कराना चाहता है अथवा नया/संशोधित मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करना चाहता है तो उसे आयोग द्वारा नवीनतम फॉर्म 6, 7 व 8 उपलब्ध कराया जाएगा। संबंधित फार्म को भरने में उनकी सहायता भी की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आधार नंबर एकत्रीकरण पूर्णतया स्वैच्छिक है और इस आधार पर किसी का नाम मतदाता सूची से हटाया नहीं जाएगा। आधार नंबर की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी और उसे किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से निर्वाचन आयोग द्वारा प्रस्तावित अभियान के तहत अपना आधार नंबर देने का अनुरोध किया।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें