*
बाघराय के छेउंगा चौराहे के पास दर्दनाक हादसा, पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया; मृतकों की पहचान का इंतजार
प्रतापगढ़। कुंडा तहसील के बाघराय थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। छेउंगा चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को बाइक सवार तीन लोग छेउंगा चौराहे के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला समेत तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए इस हादसे से स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही बाघराय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। डंपर का नंबर UP72 BL 8729 बताया गया है।
एक हादसे में तीन मौतों से पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। महिला समेत तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने की प्रतीक्षा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें