*
कन्या पूजन के बाद मंदिर दर्शन करने गई थी तनु, मेले में आइसक्रीम और चाऊमीन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
एटा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में 12 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि बच्ची ने नौ दिनों तक व्रत रखा था। कन्या पूजन के बाद वह कासगंज स्थित चामुंडा देवी मंदिर में दर्शन करने गई थी। इसी दौरान मेले में चाऊमीन और आइसक्रीम खाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तनु ने दोपहर करीब 12 बजे कन्या पूजन किया। इसके बाद वह मंदिर में दर्शन करने पहुंची। दर्शन के बाद मेले में उसने आइसक्रीम और चाऊमीन खाई। घर लौटते समय रास्ते में उसे अचानक उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते उसकी हालत गंभीर हो गई और शरीर का रंग हल्का नीला पड़ने लगा।
परिजन बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए दौड़े, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डॉक्टरों ने आशंका जताई कि चाऊमीन का कोई टुकड़ा बच्ची की सांस की नली में फंस गया होगा, जिससे सांस लेने में परेशानी हुई और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें