*सभी उप जिलाधिकारियों ने अपने-अपने तहसीलों के उप निबंधक कार्यालयों का किया निरीक्षण*
*उपस्थिति पंजिका, अभिलेखों के रख-रखाव और साफ-सफाई की गहनता से की गई जांच*
*निबंधन प्रक्रियाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश*
*कमियां मिलने पर सुधार के लिए दिए सख्त निर्देश*
*निरीक्षण का सिलसिला आगे भी रहेगा जारी, अनियमितता मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई : डीएम*
देवरिया, 20 अगस्त। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद के सभी निबंधन कार्यालयों में क्रय-विक्रय संबंधी कार्यों की व्यवस्था, प्रक्रिया, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का जायजा लेने के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने तहसील के उप निबंधक कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में सभी उप जिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के उप निबंधक कार्यालयों का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उप जिलाधिकारी बरहज शशिकांत मणि ने पूर्वाह्न 10:20 बजे बरहज स्थित उप निबंधक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उत्कर्ष बैंक के कर्मचारी भी रजिस्टर्ड मॉर्गेज कराने के लिए कार्यालय में उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान कोई निजी कर्मचारी कार्य करते हुए नहीं पाया गया।
उप जिलाधिकारी रुद्रपुर राज कुमार गुप्ता ने उप निबंधक कार्यालय का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजिका का जायजा लिया। सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए तथा कोई निजी कर्मचारी शासकीय कार्य करते हुए नहीं मिला। अभिलेखागार में अभिलेखों के समुचित रख-रखाव के निर्देश उप निबंधक को दिए गए। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने को कहा गया। कार्यालय में उपस्थित लोगों से पूछताछ की गई, जिन्होंने निबंधन कार्यालय से किसी प्रकार की समस्या होने से इनकार किया। शौचालय की स्थिति खराब पाए जाने पर मरम्मत का कार्य चल रहा था।
उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार ने भी सदर स्थित उप निबंधक कार्यालय का निरीक्षण किया। सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। कंप्यूटर ऑपरेटर को निर्देशित किया गया कि कंप्यूटर कक्ष को अंदर से बंद रखा जाए, ताकि गोपनीयता बनी रहे। पंजीकरण संबंधी ऑनलाइन सेवाओं के कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय परिसर में आवश्यक सूचनाएं एवं शुल्क संबंधी विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
भाटपाररानी के उप जिलाधिकारी दीपराज सिंह ने उप निबंधक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए तथा अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक मिला। निरीक्षण के समय पंजीकरण से संबंधित दो प्रकरण लंबित पाए गए। प्रभारी उप निबंधक ने बताया कि दोनों प्रकरण हाल ही में प्राप्त हुए हैं। इनके नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। कार्यालय में शिकायत एवं जनसुनवाई संबंधी प्रकरणों की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई।
सलेमपुर के उप जिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी ने उप निबंधक कार्यालय का निरीक्षण कर रजिस्ट्री कार्य, व्यवस्थाओं, प्रक्रियाओं एवं पंजीकरण आदि की विस्तृत जांच की। निरीक्षण के दौरान उप निबंधक प्रतिमा सिंह उपस्थित पाई गईं, जबकि लिपिक आदित्य विश्वकर्मा अनुपस्थित मिले। बताया गया कि वह स्पॉट जांच के लिए मौके पर गए हैं। उपस्थिति पंजिका पर उनका हस्ताक्षर भी नहीं था।
कार्यालय में एक व्यक्ति संविदा कर्मचारी के साथ कार्य करते हुए पाया गया। बताया गया कि वह पिछले दो वर्षों से आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहा था, लेकिन वर्तमान में उसका नवीनीकरण नहीं हुआ है। इस संबंध में उप निबंधक को संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
जिलाधिकारी ने सभी उप निबंधकों को रजिस्ट्री एवं पंजीकरण कार्यों के साथ कार्यालय की साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें