कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को गंगा किनारे एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, गर्ग एविएशन द्वारा संचालित इटली निर्मित टेकनम विमान ने गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद विमान कानपुर के कटरी क्षेत्र स्थित नाथापुरवा गांव के पास गंगा किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में विमान में सवार गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सचिन भाटिया को करीब 3,000 घंटे का उड़ान अनुभव था।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। विमान किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है। घटना ने विमान प्रशिक्षण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें