मेरठ के तेजगढ़ी चौकी में तैनात दरोगा ललित मोहन पर एक युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोपों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला सामने आने के बाद मेरठ पुलिस की तीन टीमें आरोपी दरोगा की तलाश में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, दरोगा ललित मोहन रोजाना अपने फ्लैट से अपाचे बाइक से तेजगढ़ी चौकी आते-जाते थे। इसी दौरान उनकी पहचान चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में एमए की पढ़ाई कर रही एक छात्रा से हुई। बताया जा रहा है कि दरोगा अक्सर छात्रा को बाइक से कॉलेज तक छोड़ने लगे। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए।
युवती का आरोप है कि दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत और मुलाकात होती रही। बाद में दरोगा ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। आरोप है कि संबंध खत्म करने के बाद दरोगा ने युवती से संपर्क कम कर दिया।
इसके बाद युवती ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की और अपने पास मौजूद कथित साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने दरोगा ललित मोहन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी दरोगा फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें