देवरिया। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस की एक शातिर चोर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, बेलड़ाड़ मोड़ पर चेकिंग अभियान चल रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। कुछ दूर जाने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसलकर गिर गई। इसके बाद एक आरोपी ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायर कर दिया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान देवरिया खास निवासी मनीष जायसवाल के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
पुलिस का कहना है कि घायल आरोपी मनीष जायसवाल के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मौके से पुलिस ने अपाचे बाइक, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें