लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के रसोइयों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री की घोषणाओं का सीधा लाभ प्रदेश के 3 लाख 53 हजार से अधिक रसोइयों को मिलने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रसोइयों को अब 3 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही साड़ी खरीदने के लिए 1 हजार रुपये की सहायता भी मिलेगी। रसोइयों के स्वास्थ्य को लेकर भी सरकार ने बड़ी पहल की है। उन्हें 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम में दुर्घटना की स्थिति में रसोइयों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की गई। इसके तहत दुर्घटना होने पर 2 लाख रुपये की तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य रसोइयों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में बच्चों की संख्या के अनुसार रसोइयों की व्यवस्था का भी उल्लेख किया। 25 बच्चों तक एक रसोइया, 26 से 100 बच्चों तक 3 रसोइये तथा 101 से 200 बच्चों तक 4 रसोइयों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई।
सरकार की इन घोषणाओं से लंबे समय से मानदेय और सुविधाओं में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे रसोइयों में खुशी की लहर है। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था से उन्हें आर्थिक राहत के साथ-साथ स्वास्थ्य और दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में भी सुरक्षा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के हित और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें