कन्नौज में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए कार सवार दो कथित सोना तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान कार से करीब 10 किलो सोना बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बरामद सोना 10 गोल्ड बिस्किट के रूप में मिला है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सोने की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर पुलिस ने संदिग्ध कार का पीछा किया। इसी दौरान तस्करों की कार पुलिस की गाड़ी से टकरा गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सोना बरामद होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक, बरामद सोना गोरखपुर से दिल्ली ले जाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि सोने की तस्करी नेपाल के रास्ते की गई हो सकती है। हालांकि, तस्करी के पूरे नेटवर्क और सोने के स्रोत को लेकर जांच जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीएसटी की टीम भी जांच के लिए तालग्राम थाने पहुंची है। वहीं, कस्टम विभाग की टीम के भी थाने पहुंचकर बरामद सोने और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच करने की बात सामने आई है।
पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोना कहां से आया, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस और जांच एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई से पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें