देवरिया, 07 जुलाई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी जनता दर्शन में पहुंची एक 80 वर्षीय अत्यंत वृद्ध एवं असहाय महिला की समस्या को लेकर काफी संवेदनशील दिखे। फरियादिनी मराछी देवी, निवासी विशुनपुर आजाद नगर, नगर पंचायत बैतालपुर ने जनता दर्शन के दौरान वृद्धावस्था पेंशन की धनराशि न मिलने तथा राशन कार्ड न होने की समस्या बताते हुए अपनी अत्यंत कमजोर आर्थिक स्थिति से अवगत कराया और वृद्धावस्था पेंशन तथा राशन कार्ड बनवाने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने तत्काल जिला समाज कल्याण अधिकारी को बुलाकर वृद्धा पेंशन में आ रही बाधाओं को दूर किये जाने संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही इसके लिए आवश्यक आय प्रमाण पत्र एवं अन्य अभिलेख तैयार कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके क्रम में तहसीलदार सदर द्वारा आय प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराकर उनका आय प्रमाण पत्र आज ही बनाया गया तथा मराछी देवी का राशन कार्ड बनाए जाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल से वृद्ध महिला की समस्या के समाधान की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ हो गई। मौके पर उपस्थित लोगों ने जिलाधिकारी की मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता की सराहना की, वहीं वृद्ध महिला ने भी जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें