देवरिया।उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में दो पक्षों के बीच कई दिनों से चला आ रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते चाकू, डंडे व लाठी चलने लगे। इस हमले में एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
घटना में घायल चार लोगों को एंबुलेंस की सहायता से देवरिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हत्या की इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हत्या और मारपीट के कारणों की जांच में जुटी है तथा दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें