*एक इकाई का उत्पादन बंद, दूसरी को सुधार नोटिस और तीसरे प्रतिष्ठान पर किया गया नोटिस चस्पा*
देवरिया 03 जुलाई । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में जनपद देवरिया में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों द्वारा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (बोतलबंद पेयजल) के तीन विनिर्माण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
भाटपाररानी के भठवा तिवारी स्थित IFFSO Beverages Pvt. Ltd. के निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में सुधार नोटिस जारी किया गया।
जनपद के लार स्थित Everbest Foods & Beverages प्रतिष्ठान निरीक्षण के समय बंद मिला। टीम द्वारा प्रतिष्ठान के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा करते हुए निर्देशित किया गया कि प्रतिष्ठान खोलने से पूर्व विभाग को सूचित कर आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के उपरांत ही व्यवसाय संचालित किया जाए।
उसरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित Deoria Beverages Pvt. Ltd. के निरीक्षण के दौरान बोतलबंद पेयजल के निर्माण से संबंधित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं पाए गए। इस पर विनिर्माण इकाई में आवश्यक शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित होने तक पेयजल निर्माण कार्य बंद करा दिया गया।
उल्लेखनीय है कि उपरोक्त प्रतिष्ठानों पर पूर्व में अंतरजनपदीय टीमों द्वारा छापेमारी कर खाद्य नमूने संग्रहित किए गए थे। संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें