देवरिया।कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में उप कृषि निदेशक ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गेहूं की कटाई शुरू होने वाली है, ऐसे में कम्बाइन हार्वेस्टर एवं भूसा मशीन से आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। किसानों को सलाह दी गई कि फसल कटाई के बाद ही भूसा मशीन का उपयोग करें। साथ ही विद्युत विभाग से जर्जर एवं ढीले तारों को दुरुस्त कराने को कहा गया, ताकि फसलों में आग लगने की घटनाएं रोकी जा सकें।
बैठक में किसानों ने बिजली कनेक्शन एवं उसकी क्षमता वृद्धि को लेकर भी सवाल उठाए। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि 1, 2 और 3 एचपी के नलकूप कनेक्शन शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार दिए जाते हैं तथा उपलब्धता के आधार पर क्षमता वृद्धि की जाती है।
इस दौरान विधायक रुद्रपुर जय प्रकाश निषाद ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। किसानों ने जनपद में चीनी मिल पुनः शुरू कराने, मोहन सिंह सेतु का निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथा खुखुंदू क्षेत्र में गैस एजेंसी द्वारा कथित कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि गैस एजेंसी के मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कुछ समस्याओं का समाधान एक बैठक में संभव नहीं होता, लेकिन सभी शिकायतों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण की सूचना संबंधित किसानों को अवश्य दी जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें