-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का हुआ आयोजन
-सम्मनित हुईं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नर्सिंग की छात्राएं
देवरिया, 8 मार्च, 2026।जिले के उमानगर स्थित आशीष पैरामेडिकल नर्सिंग कॉलेज में सीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कालेज में नर्सिंग की शिक्षा ले रहीं छात्राओं में से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर साल 8 मार्च को मनाया जाता है। यह दिवस महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक व सांस्कृतिक उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके समर्पण और सेवा भावना को सम्मानित करना विभाग के लिए महत्वपूर्ण है। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं की सराहना की गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। डिप्टी सीएमओ डॉ अश्वनी पाण्डेय ने कहा कि समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। परिवार में निर्णय लेने में महिलाओं की भागीदारी तभी बढ़ेगी जब महिलाएं पढ़ी लिखी और आत्मनिर्भर होंगी। इसके लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। महिलाओं को रोजगार की तरफ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना होगा। उनका सहयोग करना होगा। आर्थिक मजबूती से ही महिलाएं सशक्त होंगी। उन्होंने महिलाओं व बालिकाओं को सशक्त बनाये के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डीएमएचसी विश्वनाथ मल्ल, सहयोग संस्था सीफार के जिला प्रतिनिधि नीरज, शिक्षिका रश्मि, गीता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें