देवरिया, 25 मार्च। जनपद में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान एवं व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में व्यापार बन्धु की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे व्यापारिक गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित होती रहें और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के दौरान व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को रखा गया। इस क्रम में रेलवे क्रॉसिंग देवरिया के समीप जाम की समस्या, बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याएं सहित अन्य मुद्दे भी उठाए गए।
जिलाधिकारी ने इन बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा व्यापारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा विभिन्न विभागों को इस संबंध में सक्रिय एवं उत्तरदायी भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही बैठक में पूर्व में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण की स्थिति की संक्षिप्त समीक्षा भी की गई तथा लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें