देवरिया 19 दिसंबर!अमेठी मंदिर धर्मशाला, देवरिया में एकल अभियान के अंतर्गत आयोजित पाँच दिवसीय आचार्य अभ्यास प्रशिक्षण वर्ग में “बाल विवाह मुक्त भारत” (Child Marriage Free India) राष्ट्रीय अभियान के तहत संचालित 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम (27 नवम्बर 2025 से 08 मार्च 2026) के प्रथम स्पेल–01 (शैक्षणिक संस्थान) के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जय प्रकाश तिवारी, संरक्षण अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, देवरिया ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम–2006 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति 18 वर्ष से कम आयु की बालिका अथवा 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह कराता हुआ दोषी पाया जाता है, तो उसे एक लाख रुपये तक का जुर्माना एवं दो वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह समारोह में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों पर भी उक्त अधिनियम के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। आमजन से अपील की गई कि जनपद को बाल विवाह मुक्त जनपद बनाए जाने की दिशा में सभी को सक्रिय सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में नीतू भारती, केंद्र प्रबंधक, वन स्टॉप सेंटर ने बाल विवाह रोकथाम पर विचार रखते हुए वन स्टॉप सेंटर के उद्देश्यों एवं कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर उन महिलाओं के लिए कार्य करता है जो किसी भी प्रकार की हिंसा का शिकार होती हैं।
वहीं मीनू जायसवाल, मनोवैज्ञानिक, वन स्टॉप सेंटर ने बाल विवाह मुक्त भारत राष्ट्रीय अभियान पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों तथा महिला अधिकारों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध प्रमुख टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों—181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एवं 112 पुलिस सहायता हेल्पलाइन—की जानकारी दी।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन दिनेश, एकल विद्यालय अभियान प्रमुख द्वारा किया गया। उन्होंने एकल विद्यालय अभियान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के लिए महिला कल्याण विभाग की टीम की सराहना की तथा यह संकल्प लिया कि एकल विद्यालय अभियान जनपद स्तर पर बाल विवाह मुक्त जनपद बनाए जाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में जनपद से आई महिला प्रतिभागियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें