देवरिया, 25 नवम्बर।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी जैनेंद्र सिंह ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार अर्हता तिथि 01 नवम्बर 2025 के आधार पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद, गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों को नये सिरे (De-Novo) से तैयार किए जाने की प्रक्रिया के शेष कार्यक्रम में संशोधन किया गया है।
उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के नियम 31(3) के अंतर्गत सार्वजनिक नोटिस का प्रकाशन 30 सितम्बर, नियम 31(4) के अंतर्गत इस नोटिस का प्रथम पुनर्प्रकाशन 15 अक्टूबर, द्वितीय पुनर्प्रकाशन 25 अक्टूबर, फार्म-19 में आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर, एवं निर्वाचक नामावलियों की पांडुलिपि तैयार करने एवं आलेख्य नामावलियों के मुद्रण की अंतिम तिथि 27 नवंबर निर्धारित किया गया।
अंतिम रूप से तैयार नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 2 दिसंबर को किया जाएगा। निर्वाचन नियमावली के नियम 12 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां 2 दिसंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी। दावों-आपत्तियों के निस्तारण तथा अनुपूरक सूची जारी करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर रखी गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अधिक जानकारी हेतु संबंधित मण्डलायुक्त कार्यालय, गोरखपुर मण्डल, गोरखपुर अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, देवरिया से संपर्क किया जा सकता है।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें