*
बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीठ में मारी गोली, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने पूर्व प्रधान एवं समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से बरौत की ओर फरार हो गए। गोली पवन यादव की पीठ में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुग्रराव गांव के पूर्व प्रधान और पूर्व प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष पवन यादव मंगलवार शाम करीब छह बजे हंडिया क्षेत्र में 52 नंबर पिलर के पास कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि दो बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था।
बाइक सवार बदमाशों में से एक ने पवन यादव को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे।
वारदात के बाद तीनों हमलावर बाइक से बरौत की ओर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने घायल पवन यादव को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें