देवरिया। राजधानी लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में रविवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का राज्यस्तरीय शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केंद्रीय व्यापारिक सुरक्षा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील सिंधी और प्रदेश सरकार के कई मंत्री व गणमान्य अतिथि शामिल हुए। समारोह में प्रदेश भर से आए व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने संगठन के प्रति निष्ठा और व्यापारी हितों की रक्षा की शपथ ली। देवरिया जिले से राजेन्द्र मौर्य को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके साथ प्रदेश मंत्री एवं युवा उपाध्यक्ष राजेन्द्र मौर्य, जिला महामंत्री वासुदेव वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अनवरउल हक उर्फ अनु भाई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश सिंह व अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ ली।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारी समाज के हितों की रक्षा और व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। देवरिया मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति कुमार गुप्ता ने कहा कि संगठन व्यापारी समाज के अधिकारों की रक्षा व व्यापारिक समस्याओं के समाधान हेतु सतत संघर्ष करेगा। समारोह में सलेमपुर, पकड़ी बाजार और मदनपुर सहित कई क्षेत्रों से व्यापारी प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को एक बड़े व्यापारी महाकुंभ का रूप दे दिया। कार्यक्रम में सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों के कल्याण के लिए काम करने का संकल्प लिया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें