*चुनाव के कारण निर्वाचन आयोग से लेनी होगी अनुमति
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं शनिवार को समाप्त होंगी। इसी के साथ 55 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के परिणाम का इंतजार शुरू हो जाएगा। वैसे बोर्ड सूत्रों की मानें और सबकुछ निर्धारित उम्मीद के मुताबिक हुआ और चुनाव आयोग की अनुमति मिल गई तो अप्रैल अंत या अधिकतम मई के पहले सप्ताह में परिणाम घोषित हो जाएगा। पिछले साल भी कॉपियों का मूल्यांकन 31 मार्च को पूरा हुआ था और परिणाम रिकॉर्ड समय में 25 अप्रैल को घोषित कर दिया गया था।इस साल भी 31 मार्च को ही मूल्यांकन समाप्त हो रहा है। हालांकि 2022 में विधानसभा चुनाव के कारण परिणाम घोषित होने में थोड़ा समय लग गया था। 2022 में मूल्यांकन सात मई को पूरा हुआ था लेकिन परिाम 18 जून को जारी हुआ था। निर्वाचन आयोग की अनुमति लेने में थोड़ी देर हुई थी। 2020 में चार जून को मूल्यांकन पूरा होने के 23वें दिन 27 जून को 10वीं-12वीं का परिणाम जारी हुआ था तो 2019 में 25 मार्च को मूल्यांकन समाप्त होने के एक महीने बाद 27 अप्रैल को रिजल्ट आया था। इस साल 260 केंद्रों पर 16 से 31 मार्च तक करीब डेढ़ लाख परीक्षक तीन करोड़ कापियों का मूल्यांकन करेंगे।
*अंतिम दिन दो लाख छात्र देंगे परीक्षा
22 फरवरी से शुरू हुई यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शनिवार को समाप्त हो जाएगी। अंतिम दिन दो लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। शनिवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल गुजराती, उर्दू, पंजाबी आदि विषयों की परीक्षा 3409 केंद्रों एवं इंटर व्यावसायिक वर्ग की परीक्षा 1091 केंद्रों पर होगी। इनमें हाईस्कूल में 63,508 एवं इंटर में 32,475 समेत कुल 95,983 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। द्वितीय पाली में इलेक्ट्रीशियन, आपदा, प्रबंधन, सोलर सिस्टम, रिपेयर व प्लम्बर विषय की परीक्षा एक केंद्र तथा इंटर की संस्कृत व कृषि वर्ग के विषयों की परीक्षा 5613 केंद्रों पर होगी। इंटर संस्कृत में 96733, कृषि गणित में 17094, कृषि रसायन में 14113 परीक्षार्थी पंजीकृत जबकि हाईस्कूल में 37 परीक्षार्थी हैं।
*आंकड़ों पर एक नजर*
● 29,47,311 परीक्षार्थी हाईस्कूल में
● 25,77,997 विद्यार्थी इंटर में
● 1.76 करोड़ उत्तर पुस्तिकाएं हाईस्कूल की
● 1.25 करोड़ कॉपियों इंटरमीडिएट की
● 1,47,097 परीक्षकों को मूल्यांकन की जिम्मेदारी






.jpeg)
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें