ठगी के शिकार बेरोजगार दिल्ली से एजेंट को पकड़ कर देवरिया लेकर पहुंचे एसपी कार्यालय
देवरिया। विदेश भेजने के नाम पर वाराणसी के मोहन सराय स्थित एक सेंटर के संचालक द्वारा देवरिया जिले के 30 बेरोजगारों से करीब 22 लाख रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। बेरोजगारों ने दिल्ली से एजेंट को पकड़ कर एसपी देवरिया के सामने पेश किया, जहां से एसपी के निर्देश पर एजेंट को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया। देर शाम तक कोतवाली पुलिस एजेंट से पूछताछ कर रही थी।
मंगलवार को 30 की संख्या में युवक एसपी कार्यालय पहुंचे, बरहज थाना के पैना गांव के रहने वाले विवेक तिवारी, मुकेश तिवारी समेत अन्य युवकों ने बताया कि वाराणसी के मोहन सराय में एक ट्रेनिंग सेंटर है, जहां से उन्हें अजर बाइजान भेजने की बात कही गई। एक-एक युवकों से 70 से 80 हजार रुपये की वसूली की गई। इसके बाद उन्हें दिल्ली भेज दिया गया। वहां संबंधित सेंटर का एक युवक सुजीत कुमार पटेल मिला। जब वीजा की जांच हुई तो वीजा गड़बड़ मिला। इसके बाद हम लोगों ने सुजीत को पकड़ लिया और वाराणसी के लिए चल दिए। सुजीत की बहन जो सेंटर में कार्य करती है, उसने फोन कर धमकी दी कि अगर मेरे भाई को नहीं छोड़ते हो तो वाराणसी में तुम लोगों की दुर्दशा कर दी जाएगी। इसलिए हम लोग सुजीत को लेकर देवरिया अपने गृह जनपद आ गए।
एसपी संकल्प शर्मा से पूरी बात युवकों ने बताई। जिसके बाद कोतवाली प्रभारी दिनेश मिश्र को बुलाकर सुजीत को सौंप दिया गया। साथ ही युवकों से तहरीर भी कोतवाली पुलिस ने ली है। ठगी के शिकार हुए युवकों में देवरिया, गोरखपुर, मऊ, गोपालगंज व सिवान के युवक शामिल थे।सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि यह मामला वाराणसी जिले के रोहिनिया थाने का है, वहां की पुलिस को जानकारी दे दी गई है। हिरासत में लिए गए आरोपित युवक को ले जाने के लिए वाराणसी की पुलिस देवरिया आ रही है। वहां के कर्मचारियों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें