डीएम ने की विभिन्न विभागों की समीक्षा, समयबद्ध कार्यवाही के दिये निर्देश
देवरिया (सू0वि0) 23 दिसम्बर। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने वर्चुअल माध्यम से दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा कल्याण विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन की मंशा के अनुरूप कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने तथा सभी पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां रह रहे वृद्धों को ठंड से बचाव हेतु कंबल एवं अन्य बुनियादी जरूरतों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
श्री निरंजन ने अल्पसंख्यक विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति आवेदन बड़ी संख्या में लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने डीआईओएस एवं अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को आपस में समन्वय स्थापित कर 3 दिन के भीतर सभी लंबित आवेदनों के निस्तारण का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एवं शादी अनुदान योजना के क्रियान्वयन हेतु समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था पेंशन योजना, दिव्यांगजन पेंशन योजना, पूर्व दशम/दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश माता पिता वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण योजना के अंतर्गत आने वाले आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार, डीआईओएस देवेंद्र कुमार गुप्ता, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी मीनू सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल, समाज कल्याण अधिकारी जैसवार लालबाबू सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें