*मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर किया लोकार्पण एवं शिलान्यास*
देवरिया 26 जून। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरांव में आयोजित कार्यक्रम में जनपद देवरिया के बरहज एवं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए संयुक्त रूप से ₹456.38 करोड़ लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास बटन दबाकर किया, जिसमें 25 परियोजनाएँ लागत ₹64.94 करोड़ तथा 81 परियोजनाओं का शिलान्यास लागत ₹391.44 करोड़ की परियोजनाएँ सम्मिलित हैं। बरहज विधानसभा की 10 परियोजनाएँ लागत ₹28.88 करोड़ तथा 23 परियोजनाएँ लागत ₹302.55 करोड़ सहित कुल 33 परियोजनाएँ ₹331.43 करोड़ की लोकार्पित/शिलान्यास की गईं।
इसी प्रकार रुद्रपुर विधानसभा की 15 परियोजनाओं का लोकार्पण मूल्य ₹36.06 करोड़ तथा 58 परियोजनाएँ लागत ₹88.89 करोड़ सहित कुल 73 कार्य परियोजनाएँ लागत ₹124.95 करोड़ की लोकार्पित/शिलान्यास की गईं।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद देवरिया महर्षि देवराहा बाबा की तपोस्थली है तथा बाबा राघवदास ने आजादी के संघर्ष को आगे बढ़ाने का कार्य इसी जनपद से किया। यह जनपद तप एवं आजादी के संघर्ष की पावन धरा है। विरासत एवं विकास के समन्वय तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह जनपद विकास की गति को स्थापित कर रहा है। यहाँ आकर मुझे प्रसन्नता हो रही है। कभी विकास के लिए एक पुल एवं एक सड़क के लिए तरसना पड़ता था, लेकिन अब सड़क कनेक्टिविटी के माध्यम से पूर्व से पश्चिम तथा उत्तर से दक्षिण तक जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। विकास अब आपके द्वार तक पहुँच रहा है। जितनी अच्छी कनेक्टिविटी होगी, विकास भी उतना ही अच्छा होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए लैंड बैंक, जल संसाधन, सड़क मार्ग सहित अन्य आवश्यक आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विकसित की जा रही है। सरकार बनने के बाद से ही जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य किया जा रहा है। उत्सवपूर्ण माहौल में यदि कोई उपद्रव करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। नौजवानों को रोजगार देने के साथ ही 65 लाख युवाओं को निवेश प्रक्रिया से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। कृषि मंत्री के नेतृत्व में कृषि के विविध आयाम किसानों तक पहुँचाने में तेजी आई है, जिसके परिणामस्वरूप खाद्यान्न उत्पादन में प्रदेश अग्रणी बना है। यदि जनजागरूकता होगी तो विकास को कोई रोक नहीं सकता। जनआस्था से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आरक्षी भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है। नौकरी पाना नौजवानों का अधिकार है और सरकार की नीतियों के कारण उन्हें पारदर्शी तरीके से नौकरी मिली है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी से यातायात सुगम हुआ है, जो बदलाव का प्रतीक है। 341 किलोमीटर लंबे एवं 120 मीटर चौड़े पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण ₹11,200 करोड़ में कराकर धन की बचत भी की गई। उन्होंने पूर्व विधायक दुर्गा प्रसाद मिश्र को याद करते हुए कहा कि वे सदैव अपनी विचारधारा के लिए संघर्ष करते रहे। सोनूघाट से बरहज तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिसका ₹172 करोड़ की लागत से आज शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरहज एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र रहा है। इसे सड़क मार्ग के साथ-साथ जलमार्ग से भी जोड़ा जाएगा, जिससे यहाँ के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल सके। राप्ती एवं घाघरा नदी से बाढ़ बचाव, सड़कों का निर्माण तथा अन्य विकास कार्य सांसद एवं केंद्रीय ग्राम्य विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान तथा प्रदेश ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम के सहयोग से और तीव्रता से होगी।
मुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में 6.18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं। प्रत्येक गरीब को आवास, आयुष्मान कार्ड, पानी एवं बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। बेटी एवं व्यापारी की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया गया है और उनसे अपेक्षा है कि गाँव में कोई भूखा न रहे, निराश्रित महिलाओं को पेंशन मिले तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचे। कोई भी अभाव में न रहे। यह केवल पुण्य का कार्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय दायित्व भी है।
उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों को विद्यालय भेजा जाए। यह सरकार बच्चों के जीवन को सुरक्षित करने वाली सरकार है। बेटियों को पूर्ण यूनिफॉर्म, जूता-मोजा पहनकर विद्यालय जाते देख सुखद अनुभूति होती है। मंच पर दो युवा उद्यमियों को प्रमाण-पत्र दिए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज युवा स्वावलंबन का सपना देख रहे हैं और रोजगार के माध्यम से उसे साकार कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अपनाने की अपील की, जिससे बिजली का बिल कम होगा। यह सरकार सबको बिजली उपलब्ध कराने के साथ-साथ पीएम सूर्यघर योजना भी संचालित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जनसभा से पूर्व स्वयं सहायता समूह, कृषि, शिक्षा, आईसीडीएस, दिव्यांगजन एवं पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। बाल विकास परियोजना के तहत दो बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
*मुख्यमंत्री के हाथों विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को दिए गए स्वीकृति पत्र*
संगीता देवी (ग्राम फुलवरिया भैया) एवं गुड़िया यादव (ग्राम महेन) को अंत्योदय अन्न योजना के तहत राशन कार्ड एवं आयुष्मान भारत योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। प्रमोद प्रसाद (ग्राम मनिहरपुर) एवं अरविंद तिवारी को निर्विवाद वरासत का प्रमाण-पत्र, हरिलाल (ग्राम देवकली जयराम) को अंश निर्धारण की खतौनी, अखिलेश कुमार सिंह एवं नरेंद्र कुमार सिंह को मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के तहत ₹5-5 लाख के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। मंजू मिश्रा (सोंदा) एवं रामश्रेष्ठ त्रिपाठी (खरजरवा) को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का स्वीकृति पत्र तथा जितेंद्र प्रताप सिंह (ग्राम भदिला दोयम) को फार्मर रजिस्ट्री का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इस प्रकार विभिन्न योजनाओं के कुल 10 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री का स्वागत केंद्रीय ग्राम्य विकास राज्यमंत्री एवं सांसद बांसगांव कमलेश पासवान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रभारी एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, बरहज विधायक दीपक कुमार मिश्रा 'शाका', रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर, एमएलसी रतनपाल सिंह, पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीश चंद्र तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बुके एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।
इस अवसर पर सदर विधायक, रामपुर कारखाना विधायक, बरहज विधायक, रुद्रपुर विधायक, एमएलसी रतनपाल सिंह, पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अंतर्यामी सिंह, महिला आयोग सदस्या रितु शाही, नगर पालिका अध्यक्ष गौरा बरहज श्वेता जायसवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आमजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












0 comments:
एक टिप्पणी भेजें