डीएम ने विशेष शिविर आयोजित किए जाने हेतु कार्यक्रम स्थल निर्धारित कर नामित किया नोडल अधिकारी
देवरिया (सू0वि0) 18 दिसम्बर। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि शासन द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 20 से 26 दिसम्बर, 2021 के मध्य ‘‘सुशासन सप्ताह’’ आयोजित किये जाने का निर्णय किया गया है, जिसके अन्तर्गत जन समस्याओं के निवारण एवं सर्विस डिलीवरी में सुधार हेतु ‘‘प्रशासन गॉव की ओर’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। भारत सरकार द्वारा सुशासन सप्ताह में जिलाधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक तहसील मुख्यालय/पंचायत स्तर पर विशेष शिविर का आयोजन कर जन शिकायतों के निराकरण किये जाने एवं पब्लिक सर्विस डिलीवरी तथा समस्त गतिविधियों को गुड गवर्नेन्स पोर्टल पर अपलोड किये जाने की अपेक्षा की गयी है। इस सम्बन्ध में भारत सरकार द्वारा सुशासन सप्ताह मनाये जाने हेतु राज्यों के जिलाधिकारियों से निर्धारित क्रियाकलाप/गतिविधियां किये जाने की अपेक्षा की गयी है।
जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने उक्त के अनुपालन में ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव’’ के उपलक्ष्य में 20-26 दिसम्बर, 2021 के मध्य ‘‘सुशासन सप्ताह’’ मनाये जाने हेतु कार्यक्रम का रोस्टर निर्धारित करते हुए नोडल अधिकारी नामित कर उन्हे आवश्यक दिशा निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी श्री निरंजन ने विशेष शिविर आयोजित किए जाने के कार्यक्रम स्थल तथा नामित नोडल अधिकारी के विवरण में बताया है कि 21 दिसम्बर को तहसील सदर में, 22 दिसम्बर को सलेमपुर में, 23 दिसम्बर को रुद्रपुर में, 24 दिसम्बर को बरहज में तथा 25 दिसम्बर को तहसील भाटपाररानी में विशेष शिविर का आयोजन होगा। संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी को इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नामित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम का आयोजन तहसील मुख्यालय पर किया जायेगा, जिसमें राजस्व विभाग/पुलिस विभाग/ विकास विभाग/स्वास्थ्य विभाग व अन्य समस्त विभागों के अधिकारी प्रतिभाग करेंगे जिसमें जनसामान्य की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जायेगा तथा समस्त गतिविधियों को गुड गवर्नेन्स पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। उक्त विशेष शिविर में जो शिकायतें पिछले एक माह में ‘सी’ श्रेणी में निस्तारित हुई हैं उनमें शिकायतकर्ता को बुलाकर निस्तारण कर्ता अधिकारी की उपस्थिति में संवाद किया जायेगा व उनकी शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण कराया जायेगा तथा प्रत्येक मंगलवार को ग्राम समाधान दिवस का आयोजन भी ग्राम सभा स्तर पर किया जायेगा, जिसमें समस्त संबंधित अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। संबंधित नोडल अधिकारी द्वारा समस्त गतिविधियों से संबंधित फोटोग्राफ, वीडियो एवं अन्य संबंधित विवरण ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को उसी दिन उपलब्ध करायेंगे जिसे संबंधित पोर्टल पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा अपलोड किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि वे आई०जी०आर०एस० पोर्टल 20 दिसम्बर से 25 दिसम्बर 2021 तक प्राप्त शिकायतों का निस्तारण उसी दिन करते हुये उसकी अनुपालन-आख्या ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को उसी दिन उपलब्ध करायेंगे जिसे संबंधित पोर्टल पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा अपलोड किया जायेगा। सुशासन / लोक प्रशासन में जनपद में किये गये नवाचारों को पोर्टल पर अपलोड किया जाना लोक शिकायतों के निराकरण एवं पब्लिक सर्विस डिलीवरी में किये गये सुधारों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किये जाने व लोक शिकायत के निराकरण के सम्बन्ध में सफलता की कहानी पोर्टल पर अपलोड किये जाने का समस्त कार्य डी०आई०ओ० एन०आई०सी० व ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के अंदर किया जायेगा। उन्होने उक्तानुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराये जाने हेतु आगाह किया है।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें