- पंजीकरण कराने से दुर्घटना बीमा, आयुष्मान कार्ड और कौशल विकास सहित होंगे कई लाभ
देवरिया 06 अक्टूबर। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने वर्चुअल माध्यम से उत्तर प्रदेश असंगठित क्षेत्र के कर्म कारों के पंजीकरण की समीक्षा हेतु जनपद स्तरीय कार्य एवं समिति की बैठक की। बैठक में उन्होंने कर्मकारों के पंजीकरण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार के ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों का पंजीकरण होगा। पंजीकरण हेतु आवेदनकर्ता की आयु 16 से 59 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उसका पीएफ नहीं कटना चाहिए, वह आयकर दाता भी नहीं होना चाहिए। जनपद में कुल 12.52 लाख असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीकरण का लक्ष्य है, जिसमें से 91हजार कर्मकारों का पंजीकरण हो चुका है। वर्तमान में कर्मकारों के पंजीकरण के मामले में देवरिया का प्रदेश में आठवां स्थान है। उन्होंने जन जागरूकता के माध्यम से पंजीकरण की गति को बढ़ावा देने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने इस कार्य हेतु जनपद स्तर पर समन्वय स्थापित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराते ही कर्मकारों का दो लाख रुपए का दुर्घटना बीमा, पांच लाख रुपये का आयुष्मान कार्ड बनने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस कार्ड का प्रयोग आपदा के समय खाते में सीधे धन प्राप्त करने, सामाजिक सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन में और कौशल विकास के लिए भी किया जा सकता है। श्रम का कार्ड पूरे देश में मान्य होगा श्रम कार्ड कॉमन सर्विस सेंटर पर बनाए जा सकते हैं साथ ही www.eshram.gov.in पर लॉगिन करके भी पंजीकरण कराया जा सकता है।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार, उपश्रम आयुक्त अमित मिश्रा, ईओ नगरपालिका रोहित सिंह, उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें