- ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस एवं नियमित टीकाकरण में लापरवाही बरतने पर हुई कार्यवाई
देवरिया 06 अक्टूबर। जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्णकांत राय ने ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्यवाई करते हुए तीन मुख्य सेविकाओं को प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ सिंतबर माह के वेतन पर रोक लगा दी है। साथ ही 7 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सेवा समाप्ति का नोटिस भी दिया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी गण द्वारा किए गए निरीक्षण के क्रम में ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण व नियमित टीकाकरण योजना अंतर्गत विकास खण्ड बैतालपुर के छेरिहा की श्रीमती साधना श्रीवास्तव, रामपुर कारखाना के डुमरी की श्रीमती पूनम सिंह, सदर के रानीघाट की मीरा यादव, मंजू यादव, कौशल्या देवी, अगस्तपार की पूनम तिवारी, विकास खण्ड- गौरी बाजार के पथरहट की मीना भारती अनुपस्थित पायी गयीं जिनकी आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद की सेवा समाप्ति हेतु नोटिस जारी कर दी गयी है। इसके अतिरिक्त बाल विकास परियोजना भलुअनी की सुश्री काशफा तथा सुश्री अनवरी बानो मुख्य सेविका परियोजना रामपुर कारखाना की रेशमा देवी मुख्य सेविका अपने परिक्षेत्र में भ्रमण करने नही गयी थीं एवं इनका पर्यवेक्षण शिथिल पाया गया अतः इनका माह सितम्बर, 2021 का वेतन रोकने व इनको प्रतिकूल प्रविष्टि देने की कार्यवाही करने की कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्र पर वृद्धि निगरानी किया जाना आंगनबाड़ी कार्यकत्री का मूल दायित्व है तथा अपने परिक्षेत्र पर इसका अनुश्रवण किया जाना सम्बन्धित परिक्षेत्रीय मुख्य सेविका तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी का प्रमुख कार्य है। जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में आहुत जिला पोषण समिति की बैठकों में भी इस सम्बन्ध में लागातार निर्देशित किया जाता था कि ग्राम स्तर पर मनाये जाने वाले ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस अत्यन्त महत्वपूर्ण आयोजन है जहां बाल विकास विभाग व स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के समन्वय से आंगनबाड़ी केन्द्र के लाभार्थियों के वृद्धि निगरानी, गर्भवती महिलाओं के ड्यू लिस्ट व गर्भावस्था के अनुसार उनका वजन/स्वास्थ्य जांच, किशोरी बालिकाओं को एनीमिया व अन्य स्वच्छता सम्बन्धी जांच आदि अत्यन्त सुलभ व व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध हो जाती है। दिनांक 30.09.2021 तथा 06.10.2021 को आयोजित होने वाले ग्राम स्वास्थ्य पोषण व नियमित टीकाकरण के सम्बन्ध में पूर्व में ही निर्देशित किया गया था कि समस्त आंगनबाडी कार्यकत्रियां अपने ग्राम में उपस्थित रहकर ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के दौरान अपने केन्द्र के लाभार्थियों का पूर्ण विवरण तथा विभाग द्वारा प्राप्त कराये गये अन्य उपकरणों के साथ उपस्थित रहें।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें