16 MBBS छात्र एक सप्ताह, दो इंटर्न एक महीने के लिए सस्पेंड; अनुशासनहीनता पर भी कार्रवाई
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग के मामले में कॉलेज प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद 16 सीनियर एमबीबीएस छात्रों और दो इंटर्न समेत कुल 18 छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही सभी 16 एमबीबीएस छात्रों को एक सप्ताह तथा दोनों इंटर्न को एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अक्टूबर के पहले सप्ताह में जूनियर छात्रों की ओर से रैगिंग की शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच शुरू करते हुए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मौके पर जांच की। जांच के आधार पर आरोपित छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट के मामले में एक इंटर्न पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, देर रात हॉस्टल लौटने के मामले में सात छात्राओं पर 10-10 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि मेडिकल कॉलेज परिसर में अनुशासन बनाए रखने, छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रैगिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और रैगिंग के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें