*लक्ष्मीपुर, लुअठही समेत क्षेत्र के गांवों और चौराहों पर सजे पूजा पंडाल, रोशनी से जगमग हुआ इलाका
रुद्रपुर लक्ष्मीपुर। गौरी बाजार विकास खंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि की सप्तमी शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। शाम छह बजे के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के पट खुलने शुरू हो गए। पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
क्षेत्र के लक्ष्मीपुर, लुअठही, छपरौली, गहिला दुधैला सहित आसपास के गांवों और प्रमुख चौराहों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। नवरात्रि को लेकर पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी झालरों, विद्युत सजावट और रोशनी से पूजा स्थल जगमगा रहे हैं। शाम होते ही पंडालों की रौनक देखते ही बन रही है।
सप्तमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा पंडालों में मंत्रोच्चार, आरती और जयकारों के बीच भक्तिमय माहौल बना रहा। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भी दर्शन-पूजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
नवरात्रि पर्व के चलते क्षेत्र के गांवों और चौराहों पर उत्सव जैसा माहौल है। चारों तरफ सजे पंडाल, जगमगाती रोशनी और मां के जयकारे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सप्तमी से पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ने लगी है। पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें