मेडिकल कॉलेज देवरिया में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, मां का रो-रोकर बुरा हाल
लक्ष्मीपुर (देवरिया)। गौरी बाजार विकास खंड के न्याय पंचायत बेलकुंडा अंतर्गत भृगुसरी गांव के डोम टोला में बुधवार की रात जहरीले जीव के काटने से कक्षा तीन में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा मानसी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, भृगुसरी गांव के डोम टोला निवासी चंद्रशेखर की 11 वर्षीय पुत्री मानसी रात में सो रही थी। इसी दौरान उसे सर्प अथवा किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। कुछ देर बाद बच्ची को चक्कर आने लगे और वह घबराने लगी। उसकी हालत बिगड़ती देख परिजन आनन-फानन में उसे लेकर मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, बच्ची के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था तथा उसका चेहरा नीला पड़ गया था। हालांकि, उसे किस जहरीले जीव ने काटा था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
मानसी अपने भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उससे बड़ी एक बहन और दो छोटे बच्चे हैं। परिवार की लाडली बेटी की अचानक मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में जहां कुछ देर पहले तक सब सामान्य था, वहीं इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। मासूम की असमय मौत से परिजनों के साथ गांव के लोग भी गमगीन हैं। गांव में हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें