सुल्तानपुर/देवरिया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार आर्टिका कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। बल्दीराय थाना क्षेत्र के सुखबडेरी के पास माइलस्टोन 97.5 पर हुए इस भीषण हादसे में देवरिया निवासी तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्टिका की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक अनियंत्रित होने के बाद कार सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार का गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और बल्दीराय एसडीएम प्रभात सिंह मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। तीनों टेनिस खिलाड़ी बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि सभी लोग लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें