दशहरा पर वर्षों पुरानी परंपरा का हुआ निर्वहन, राम-रावण युद्ध देखने के लिए जुटे क्षेत्रीय ग्रामीण
लक्ष्मीपुर। गौरी बाजार विकास खंड के न्याय पंचायत छपौली अंतर्गत ग्राम पंचायत अकटहा में दशहरा का पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम ने बाण मारकर रावण का वध किया। रावण वध का दृश्य देखते ही उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
अकटहा गांव में हर वर्ष दशहरा के अवसर पर रामलीला का आयोजन किया जाता है। इस परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी रामलीला का मंचन किया गया। राम और रावण के बीच हुए युद्ध को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। रामलीला के दौरान कलाकारों ने राम-रावण युद्ध का सजीव मंचन कर दर्शकों का मन मोह लिया। रावण वध के साथ ही अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया।
दशहरा के अवसर पर लगने वाला यह मेला ग्रामीण क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। मेले में लोगों की भारी भीड़ जुटने से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने रामलीला का आनंद लिया। ग्रामीणों के लिए यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक बना हुआ है।
रामलीला के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष लालजी सिंह, सचिव अरुण सिंह उर्फ चुनमुन सिंह, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, अरुण सिंह, शिवदास सिंह सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें