वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता M.Sc छात्रा श्रेया उपाध्याय का शव एक बंद कमरे के बाथरूम से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव सड़ी-गली हालत में मिला। घटना के बाद से छात्रा के कथित प्रेमी विवेक चौबे के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, श्रेया 17 अगस्त को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मोबाइल सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान छात्रा की आखिरी लोकेशन रोहनिया क्षेत्र के बच्छांव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास एक कमरे में मिली।
पुलिस जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो कमरे के बाहर ताला लगा था। शुक्रवार सुबह श्रेया की मां को कमरे की चाबी मिली। ताला खोलकर कमरे में प्रवेश करने पर तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद बाथरूम का दरवाजा खोला गया तो वहां श्रेया का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही रोहनिया पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में श्रेया और विवेक चौबे के बीच कथित प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है।
श्रेया की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हत्या समेत अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद से विवेक चौबे फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें