*देवरिया में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया नमन*
*स्वतंत्रता दिवस पर जिले में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, वीर सपूतों को किया याद*
*ध्वजारोहण, पौधारोपण और शहीदों को नमन के साथ मना स्वतंत्रता दिवस*
*डीएम ने दिलाई राष्ट्रसेवा की शपथ, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित हुए सम्मानित*
*देवरिया 15 अगस्त*
पूरे जनपद में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के साथ राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई।
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, दीवानी न्यायालय में जनपद न्यायाधीश धनेंद्र प्रताप सिंह तथा विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित सभी कार्यालयाध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण किया।
कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद परिसर में पौधारोपण किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी में महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने तथा देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि जिस अधिकारी या कर्मचारी को जो दायित्व सौंपा गया है, उसका पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को पूरी सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा नियमानुसार उसका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित गोष्ठी को मुख्य राजस्व अधिकारी बीके सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से देश को आजादी दिलाने वाले वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान से प्रेरणा लेने तथा उनके आदर्शों के अनुरूप देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डीजीसी रेवेन्यू नवनीत मालवीय ने किया। इस अवसर पर हरिश्चंद्र यादव सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा माल्यार्पण कर शॉल एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सुभाष चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। रामलीला मैदान स्थित शहीद स्थल पर भी पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इसी प्रकार 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
*बॉक्स 1*
*स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित हुए सम्मानित*
जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों सम्मानित किया गया, उनमें शांति देवी, कालंदी देवी, रघुवंश मिश्र, शिव प्रताप राय, रमेश चंद्र पांडेय, चंद्र प्रकाश, दिवाकर दुबे, अजय यादव, शियू मिश्रा, विद्यावती मिश्र, प्रिया मिश्र, शिवदयाल, अनिरुद्ध दुबे, रामबड़ाई, रामानंद, अनुराग कुशवाहा, रत्नेश्वर सिंह, अमर सिंह, राणा प्रताप, अचिंत्य श्रीवास्तव, जगदंबा पांडेय और नीलेश रस्तोगी शामिल हैं।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें