*त्याग और बलिदान से मिली आजादी को अक्षुण्ण रखना हम सभी का दायित्व*
*खाद्यान्न से अंतरिक्ष तक भारत ने हासिल की बड़ी उपलब्धियां: सूर्य प्रताप शाही*
देवरिया 15 अगस्त । जनपद में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम देवरिया क्लब में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देवरिया क्लब परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान गार्ड द्वारा सलामी दी गई। इसके उपरांत देवरिया क्लब के सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्वतंत्रता दिवस की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्षों के संघर्ष और असंख्य वीर सपूतों के त्याग एवं बलिदान के बाद देश को आजादी मिली है। इसे अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। हमें देश की सीमाओं की सुरक्षा, एकता एवं अखंडता के साथ अपनी संस्कृति और सभ्यता की रक्षा का संकल्प लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज देश खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो चुका है और अन्य देशों को भी खाद्यान्न की आपूर्ति कर रहा है। जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक भारत निरंतर प्रगति कर रहा है। देश विमान से लेकर विभिन्न अत्याधुनिक तकनीकों का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से बड़े बदलाव की पहल की गई है। स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया गया, जिससे महात्मा गांधी की स्वच्छ भारत की संकल्पना साकार हुई। गरीबों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के साथ ही गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि 70 करोड़ से अधिक लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ हमारे दायित्व भी बढ़े हैं। हमें अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयासों से शहरों और गांवों में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश में विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना भी हमारी जिम्मेदारी है। सामाजिक, आर्थिक एवं वैज्ञानिक क्षेत्र में निरंतर प्रगति से ही देश विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर होगा। स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए किए गए त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। इसलिए हम सभी को आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
गोष्ठी को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक पं0 गिरीश चंद्र तिवारी ने भी संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के संस्मरणों को याद किया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने व्यवहार परिवर्तन के साथ विकास कार्यों के क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बुके प्रदान कर स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश मणि, जिलाधिकारी मधुसुदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर, परियोजना निदेशक, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल पांडेय, भाजपा से अंकुर राय, अंबिकेश पांडेय , प्रबुद्धजन आदि उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें