देवरिया, 21 अगस्त। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर कल्याण सेक्टर के विभिन्न विभागों—जिला समाज कल्याण, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण, जिला प्रोबेशन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग—द्वारा संयुक्त रूप से ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ की मूल भावना के साथ बरहज तहसील सभागार में कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बरहज विधायक दीपक मिश्रा (शाका) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उप जिलाधिकारी बरहज शशिकान्त मणि त्रिपाठी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) राम जनम ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूर्व क्षेत्र पंचायत प्रमुख/प्रशासक बरहज सुभाष प्रसाद का भी पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक दीपक मिश्रा (शाका) ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गरीब, पिछड़े, वंचित एवं बेसहारा लोगों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान बरहज विधायक द्वारा 10 दिव्यांग लाभार्थियों को दिव्यांगजन पेंशन के स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं कान की मशीन, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर कोर्स योजना के 15 चयनित एवं प्रशिक्षित लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इसके अलावा जिला समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के 15 लाभार्थियों, महिला कल्याण विभाग की कन्या सुमंगला योजना के विभिन्न चरणों के 08 लाभार्थियों तथा निराश्रित महिला पेंशन के 10 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना के तहत 25 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन मनो-सामाजिक कार्यकर्ता वर्षा सिंह ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के संबंध में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के प्रतिनिधि मनोज सिंह ने निःशुल्क विधिक सलाह एवं परामर्श तथा विभिन्न प्रकार के पीड़ित व्यक्तियों के लिए उपलब्ध सलाहकारी सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महामंत्री अमित कुमार जायसवाल, समाजसेवी एवं शिक्षक अखिलेश कुमार सिंह, सुलह अधिकारी एवं समाजसेवी अधिवक्ता श्रवण कुमार सिंह, गन्ना समिति के चेयरमैन कृष्ण मोहन पाठक सहित विधानसभा क्षेत्र बरहज के अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें