देवरिया, 18 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने विकासखंड रुद्रपुर अंतर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम सभा गोनहा सुरतपुरा में हर घर जल योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि योजना के अंतर्गत एक नलकूप तथा 125 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। यह परियोजना पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित है। इसके तहत ग्राम सभा में 4.3 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है तथा 280 घरों को पेयजल योजना से लाभान्वित किया गया है।
इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने 2100 नवीन राजकीय नलकूप योजना के अंतर्गत ग्राम सभा पिंडरा में राजकीय नलकूप संख्या-38 आईजी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस योजना के तहत 1.2 किलोमीटर भूमिगत पीवीसी पाइपलाइन बिछाई गई है तथा 10 कुलाबा (आउटलेट) बनाए गए हैं, जिससे लगभग 35 किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने इसके बाद राजकीय हाई स्कूल, गोनहा सुरतपुरा का भी औचक निरीक्षण किया तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें