देवरिया, 22 जुलाई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बडहरा चौराहा स्थित कल्कि बायोटेक पर छापेमारी कर निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान फर्म के अभिलेखों एवं दवाओं की गहन जांच की गई। जांच के दौरान दो संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर उन्हें राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया।
औषधि निरीक्षक राघवेंद्र सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान फर्म के स्वामी की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में मिली कमियों की रिपोर्ट सहायक आयुक्त (औषधि), गोरखपुर मंडल को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
औषधि निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित फर्म के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि जनपद में दवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में औषधि प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें