*प्रत्युष विहार छात्र संघ चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी, 8 अगस्त को मतदान*
रूद्रपुर (देवरिया)। रामचक स्थित प्रत्युष विहार विद्यालय में छात्र संघ चुनाव 2026-27 को लेकर चुनावी माहौल गर्माने लगा है। मुख्य चुनाव अधिकारी महक बरनवाल ने शनिवार को विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी। सूची जारी होते ही विद्यालय परिसर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद पर निखिल कुमार और सबा परवीन के बीच सीधा मुकाबला होगा, जिसे लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जारी सूची के अनुसार अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक मंत्री तथा क्रीड़ा मंत्री सहित कुल छह पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। अध्यक्ष पद पर निखिल कुमार और सबा परवीन, महामंत्री पद पर चन्दन निषाद एवं सबा परवीन, उपाध्यक्ष पद पर पीयूष चौरसिया, सृष्टि भारती और साहिल यादव, कोषाध्यक्ष पद पर अनन्या गोंड एवं अनुष्का यादव तथा सांस्कृतिक मंत्री पद पर दिव्या प्रजापति एवं पायल गुप्ता के बीच मुकाबला होगा। वहीं क्रीड़ा मंत्री पद पर वीरा विश्वकर्मा एकमात्र प्रत्याशी हैं, जिनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी महक बरनवाल ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को मतदान, मतगणना एवं निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एक ही दिन संपन्न कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रधानाचार्य राणाप्रताप सिंह ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से स्वस्थ एवं सकारात्मक चुनाव प्रचार तथा विद्यार्थियों से निष्पक्ष और अनुशासित ढंग से मतदान करने की अपील की। विद्यालय परिसर में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है और छात्र-छात्राएं अपने-अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय नजर आ रहे हैं।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें